May 05, 2024 कामरेड पृथ्वी सिंह गोरखपुरिया के जन्मदिन पर कार्यक्रम का आयोजन

शोषितों के हकों के लिए संघर्ष करने वाले पृथ्वी सिंह गोरखपुरिया सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे : इन्द्रजीत सिंह

फतेहाबाद: हरियाणा के प्रख्यात राजनेता, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, छात्र आंदोलन के प्रणेता कामरेड पृथ्वी सिंह गोरखपुरिया आज हमारे बीच नहीं है। 40 वर्ष से ज्यादा समय तक शोषितों के हकों के लिए संघर्ष करने वाले महान योद्धा सदैव लोगों के दिल में जीवित रहेंगे। यह बात माकपा नेता कामरेड इन्द्रजीत सिंह ने कामरेड पृथ्वी सिंह गोरखपुरिया के जन्मदिन पर शहीद चन्द्रशेखर आजाद भवन, कामरेड पृथ्वी सिंह यादगार हाल, भूना में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान सभा के तहसील प्रधान मुंशीराम कम्बोज ने की। इस अवसर पर कामरेड पृथ्वी सिंह के जीवन से सम्बंधित एक पिक्चर भी दिखाई गई। कार्यक्रम में मौजूद सदस्यों ने कामरेड पृथ्वी सिंह गोरखपुरिया को याद करते हुए अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कामरेड इन्द्रजीत सिंह ने कामरेड पृथ्वी सिंह के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पक्षों पर चर्चा कर बताया कि अपनी मिलनसार प्रवृति तथा अपनी मेहनत के बल पर वामपंथी जनवादी विचारधारा को हरियाणा में स्थापित करने वालों में कामरेड पृथ्वी सिंह की मुख्य भूमिका रही। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से देश के हालात बद से बदतर हो गए हैं। आम जनता में बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी की समस्याएं गंभीर रूप धारण कर चुकी हैं। इससे किसान, मजदूर, कर्मचारी, महिलाएं, दलित, अल्पसंख्यकों आदि सभी वर्गों में भारी असंतोष है। उन्होंने कहा कि आज हमारा फर्ज बनता है कि हम ऐसी जनविरोधी भाजपा सरकार को हराए। देश को बचाने के लिए सभी लोगों को एकजुट होना होगा तभी बीजेपी का देश से सफाया किया जा सकता है। कार्यक्रम में किसान नेता रामस्वरूप ढाणी गोपाल ने कामरेड पृथ्वी सिंह गोरखपुरिया के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कामरेड पृथ्वी सिंह का जन्म 3 मई 1945 को फतेहाबाद जिले के एक गांव गोरखपुर में एक साधारण किसान परिवार में हुआ तथा उनका निधन 29 सितम्बर 2008 को हुआ था। उन्होंने सदैव किसानों, मजदूरों को उनका हक दिलवाने के लिए संघर्ष किया। कार्यक्रम को बलबीर सिंह, रामचन्द्र, जगतार सिंह, रामकुमार बहबलपुरिया, विष्णुदत्त शर्मा सहित अनेक सदस्यों ने भी संबोधित किया और कामरेड पृथ्वी सिंह के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।  फोटो - फतेहाबाद। कामरेड पृथ्वी सिंह गोरखपुरिया के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते माकपा नेता इन्द्रजीत सिंह।

About Us - Media Jagat Welcome to About Us Pइन्टरनेट, ऐसा साधन, जिसने संसार को इतना छोटा कर दिया कि वह एक जेब में समां जाए और इतना व्यापक भी कि दिमाग के द्वार परत-दर-परत खुल जाए। इन्टरनेट जगत में इसी व्यापकता को संजोए नवीनतम रूप में प्रस्तुत है मीडियाजगत...

Tags

Quick Links

© All Rights Reserved | Developed by Alorina Infotech