November 29, 2024
युवा महोत्सव में छाई दीक्षा, जिला स्तर पर रही अव्वल
फतेहाबाद: विगत दिवस संपन्न हुए जिला स्तरीय युवा महोत्सव में फतेहाबाद की प्रतिभाशाली बेटी दीक्षा सचदेवा छाई रही। दीक्षा ने युवा महोत्सव में विकसित भारत का संकल्प विषय पर करवाई गई फोटोग्राफी थीम प्रतियोगिता में अव्वल स्थान प्राप्त किया तो वहीं भाषण व काव्य पाठ में भी वह तृतीय स्थान पर रही। जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने दीक्षा को विजयी पुरस्कार भेंट किया। इस दौरान राजकीय महिला महाविद्यालय भोडियाखेडा प्राचार्या लखबीर कौर, रतिया महिला काॅलेज प्राचार्य प्रेम मेहता व आईटीआई भोड़ियाखेड़ा प्रिंसीपल रमेश कुमार ने भी दीक्षा की प्रतिभा को खूब सराहा। इसके साथ ही राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के लिए भी दीक्षा को चयनित कर लिया गया है।
गौरतलब है कि दीक्षा सचदेवा स्वच्छ भारत मिशन फतेहाबाद की ब्रांड एंबेस्डर है और सामाजिक संस्था जिन्दगी से जुड़ी हुई है। इससे पहले भी वह राष्ट्रीय व राज्य स्तर के कई खिताब अपने नाम कर चुकी है। दीक्षा ने विकसित भारत का संकल्प विषय की फोटोग्राफी थीम में दर्शाया कि कैसे सड़क किनारे झाडू बनाने का काम करने वाली एक मां अपने जमीन पर बैठे पढ़ते बच्चों को पढ़ता देख, कितने उज्जवल भविष्य के सपने संजोते हुए मुस्कुरा रही है। उसके मन की उम्मीदों को उसके बच्चों के हाथ की किताब पंख लगाने का काम कर रही है। दीक्षा ने बताया कि परिवार के साथ-साथ उसे एमएम काॅलेज के अपने गुरूजनों, जिन्दगी संस्था पदाधिकारियों आदि का भरपूर मार्गदर्शन मिलता रहा है। जिसकी बदौलत वह हर बड़ी से बड़ी बाधा को हौंसले के साथ पार करने का साहस जुटा पाती है। उसने दावा किया कि वह राज्य स्तर पर भी विजयी खिताब अपने नाम करके जिला का नाम रोशन जरूर करेगी।